सिद्धार्थनगर। इटवा तहसील प्रीमियर लीग ITPL सीजन-3 के अंतर्गत माता प्रसाद जायसवाल इण्टर कालेज इटवा में आयोजित 5 दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को लाइट हॉस्पिटल और ए कंस्ट्रक्शन टीम के बीच खेला गया। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए ए कंस्ट्रक्शन ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
इटवा तहसील प्रीमियर लीग सीजन-3 Itwa Tehsil Premier League ITPL Season-3
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर ए कंस्ट्रक्शन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और निर्धारित 10 ओवरों में 115 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाइट हॉस्पिटल की टीम ए कंस्ट्रक्शन की कसी हुई गेंदबाजी के सामने दबाव में आ गई और केवल 84 रन ही बना सकी। इस तरह ए कंस्ट्रक्शन ने मुकाबला 30 रन से आसानी से जीत लिया।
ए कंस्ट्रक्शन की ओर से अनुराग साहनी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 59 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं गेंदबाजी में जुबैर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। इसके अलावा अमजद ने भी टीम के लिए 17 रन का योगदान दिया।
लाइट हॉस्पिटल की ओर से फाइनल मुकाबले में सर्वाधिक 26 रन बनाए गए। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाइट हॉस्पिटल टीम के खिलाड़ी शफ्फी को आईटीपीएल सीजन-3 का मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। शफ्फी ने टूर्नामेंट के दौरान 73 रन बनाने के साथ-साथ 11 विकेट भी हासिल किए।
मैच के समापन पर विजेता टीम ए कंस्ट्रक्शन को रू. 25,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम लाइट हॉस्पिटल को रू. 12,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।