सिद्धार्थनगर। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया पी0 जी0 कॉलेज इटवा में गुरूवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय सेवा, समर्पण और व्यक्तित्व विकास पर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
डॉक्टर राम मनोहर लोहिया पी0 जी0 कॉलेज इटवा राष्ट्रीय सेवा योजना कैंप
कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय एवं डॉ. पवन कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस आयोजन में महाविद्यालय की दो इकाइयों स्वामी विवेकानंद इकाई तथा डॉक्टर राम मनोहर लोहिया इकाई के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ 26 फरवरी 2026 को लक्ष्य गीत एवं प्रेरणात्मक उद्बोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम अधिकारियों ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्य “सेवा, समर्पण और व्यक्तित्व विकास” पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज के प्रति उत्तरदायी बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक चेतना का विकास करते हैं।
इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने समसामयिक सामाजिक विषयों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक मूल्यों जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने गंभीर चिंतन और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी लेखन प्रतिभा का परिचय दिया।
इसके साथ ही सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, सामाजिक एवं शैक्षिक विषयों से संबंधित प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास एवं समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने समाज की वर्तमान चुनौतियों एवं उनके समाधान पर सार्थक चर्चा की। गोष्ठी में यह निष्कर्ष निकला कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक दिशा में संगठित होकर कार्य करे, तो समाज में व्यापक परिवर्तन संभव है।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 संतोष कुमार पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार यह एक दिवसीय कार्यक्रम ज्ञान, विचार और सेवा भावना के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।