सिद्धार्थनगर। थाना गोल्हौरा पुलिस ने शुक्रवार को यातायात नियमों का पालन करने वाले लोगों को फूल देकर सम्मानित किया। इसके साथ सुरक्षित यात्रा हेतु यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरुक किया।
- गोल्हौरा पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने वाले लोगों को फूल देकर किया सम्मानित
यातायात जागरूकता माह चल रहा है। अपने अन्तिम पडाव पर है। पुलिस बडी शिद्दत से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। फिर भी यात्रा में सड़क दुर्घटनाएं हो रही है।
गत बुधवार एक मार्ग दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गयी। ऊपर वाले से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवार को इस कष्ट की घडी से उबरने की शक्ति दे। गुरूवार को बाइक और कार में भिडंत हो गयी। गनीमत था कि लोग बच गए। खैर!
यह अनबोलती सडक भी लोगों से कुछ कहती है। जिसे हम सबको समझने की जरूरत है। यह कहती है कि ऐ मुस्कुराकर घर से निकलने वाले मुसाफिर अपने आस्था के अनुसार ऊपर वाले को याद करके सावधानी पूर्वक अपना वाहन चलाते हुए यात्रा करो।
इतराकर सडक पर ऐसा न चलो कि ऊपर वाला ऐसा न करे, कहीं यह मुस्कुराता हुआ चेहरा और चमकता शरीर मुरझाए और मस्ले हुए फूल की तरह से पीएम हाउस मुर्दा घर से वापस तुम्हारे घर आए।
तुम तो कुछ घंटों के कष्ट झेल कर इस दुनियां से चले जाओगे। लेकिन जरा अपने परिवार के लिए सोंचो। जिसे तुम हमेशा के लिए रोने बिलखने और अनाथ होने का दर्द छोड़ कर जाओगे।
कहा गया है कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। इस लिए सडक पर सावधान होकर, यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाइए। सड़क पर चल रहे हैं तो ऐसा चलिए कि अपना भी सुरक्षित रहिए और दूसरों को सुरक्षित रखिए।
जब आप लापरवाही से वाहन चलाते हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो पुलिस आपको चेताने के लिए जुर्माना लगाती है। लेकिन जब आप यातायात नियमों का पालन करके यात्रा करते हैं तो आपको गुलाब देकर उत्साहवर्घन करती है।
पूरे जिले में यह अभियान चलाया गया कि जो लोग यातायात नियमों का पालन कर रहे हैं। वह दूसरे लोगों को यातायात नियमों का पालने करने के लिए प्रेरित करें।
हेलमेट और सीट बेल्ट को सिर्फ पुलिस के डर से एक बोझ न समझिए। अपने अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए इसे एक शौक में बदलिए।
खैर, समझदार के लिए इशारा काफी होता है। कुछ पाठक खबर के बीच में इसे उबाऊ उपदेश भी कह सकते हैं। यातायात जागरूकता अभियान चल रहा है।
प्रतिदिन हम सब यात्रा करते हैं। नहीं करते हैं तो भूले भटके से एक आध बार सड़क पर आ ही जाते होंगे। आप यात्रियों, पाठकों की जागरूकता, यातायात जागरूकता अभियान में अपनी पत्रकारीय धर्म की सहभागिता का निर्वहन करते हुए यह कहानी प्रस्तुत करना मुनासिब समझा।
अपना ख्याल रखिए। मुस्कुराते हुए यात्रा करएि। आगे की खबर पढ़िए। और यातायात नियमों के पालन का शौक पैदा करके पक्का दोस्त बनिए।
थानाध्यक्ष गोल्हौरा अजय नाथ कनौजिया के नेतृत्व में थाना गोल्हौरा पुलिस ने यातायात माह के अंतर्गत हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने आदि यातायात नियमों का पालन करने वाले लोगों को फूल देकर सम्मानित किया।
इसके साथ उनसे अपील की गई की आप लोग अन्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए बताएं। जो लोग हेलमेट, सीट बेल्ट आदि नहीं लगाए थे उनको रोक कर समझाया गया कि आप का जीवन आपके परिवार के लिए बहुमूल्य है।
इसलिये जब भी बाइक से निकलें तो आप हेलमेट लगाएं, कार पर बैठें तो सीटबेल्ट आदि का प्रयोग अवश्य करें। इसके साथ यातायात नियमों का पालन करके सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं।