न्यूज यूनिवर्सल एक टाप हिन्दी न्यूज वेबसाइट है। यह उत्तर प्रदेश, सिद्धार्थनगर सहित सभी हिन्दी भाषी समाचारों को कवर करता है।देश, प्रदेश और सिद्धार्थनगर जिले की हर छोटी बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज यनिवर्सल डाट इन वेबसाइट पर आएं।

डा. निसार अहमद खाँ। सिद्धार्थनगर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को इटवा विधानसभा क्षेत्र 305 के कांग्रेस प्रत्याशी अरशद खुर्शीद के पक्ष में कस्बा स्थित माता प्रसाद जयसवाल इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित एक चुनावी जनसभा में मौजूद लोगों को संबोधित किया। विकास की राजनीति ही राजनीति का मकसद होना चाहिए जो सबको आगे बढ़ाए।

विकास की राजनीति ही राजनीति का मकसद होना चाहिए जो सबको आगे बढ़ाए-प्रियंका गांधी

पढ़िए पूरा सम्बोधन- प्यारी बहना प्यारे भाइयों आज महाशिवरात्रि है। मैं मंदिर होकर आई हूं। इसलिए आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सब का इस सभा में बहुत-बहुत स्वागत है। आपने बहुत चुनावी चर्चाएं सुनी होंगी। बहुत भाषण सुने होंगे। चुनाव आ रहा है।

चुनाव के समय तमाम नेता तमाम राजनीतिक दलों से आकर आपके सामने तकरीर देते हैं भाषण देते हैं। यदि आप उन भाषणों को ध्यान से सुनें तो आपको पता चलेगा कि कुछ ऐसे राजनीतिक दल हैं जिनमें बसपा, समाजवादी पार्टी और भाजपा तीनों गिने जा सकते हैं।

यह जब जब चुनाव आता है आपके धर्म और जाति की बात करते हैं और उनकी पूरी राजनीति सिर्फ धर्म और जाति पर आधारित है।

जब चुनाव आता है यह लोग धर्म और जाति की बातें कर कर चुनाव जीत तो जाते हैं लेकिन आपके क्षेत्र में आपके विधानसभा में काम नहीं होता। क्या आपने कभी सोचा कि यह काम क्यों नहीं हो रहा है।

यह कैसा सिलसिला है कि बड़े-बड़े नेता आते हैं हमारे विधायक बनते हैं हम चुनाव में इनका प्रोत्साहन करते हैं इन को चुनते हैं इनको सत्ता देते हैं।

लेकिन चुनाव के बाद कोई काम की बात नहीं करता, न तो कोई नया पाठशाला बनाता है, न हमारी सड़कें ठीक करता है। न हमारे पास बिजली लाता है, न कोई नया उद्योग बनाता है, न कोई रोजगार पैदा करता है, न महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करता है, न ही महिलाओं के अत्याचार के खिलाफ खड़ा होता है।

यह सिलसिला उस वक्त शुरू हुआ जब उत्तर प्रदेश में जातिवाद के आधार पर राजनीति आयी और आप सब ने उसका समर्थन किया। तब से मिलकर आज तक कई दशक बीत गए आपने बसपा की सरकार देखी समाजवादी की सरकार देखी और भाजपा की भी सरकार देखी और बार-बार चुनाव के समय आपने आंख मूंदकर अपना वोट दिया।

जिसने आपसे कहा कि आपका धर्म सुरक्षित रखेगा, आपके जाति को सुरक्षित रखेगा। उसी को आप ने आगे बढ़ाया। इस तरह इन पार्टियों के नेताओं के मन में उनके दिमाग में कुछ धारणाएं पैदा हुई और वह धारणाएं स्थापित भी हुई होंगी। सबसे मुख्य धारणा क्या थी कि जब चुनाव आएगा तो हमें दर धर्म के आधार पर जाति के आधार पर वोट मिलना ही है। और जब हमें इस आधार पर वोट मिलना ही है तो फिर हमें काम करने की क्या जरूरत है।

आप सब ने नेताओं को बिगाड़ दिया है। आपने निकम्मे नेता बना दिए हैं। आपने इन नेताओं की यह आदत डाल दी है कि हम तो आपसे कुछ पूछेंगे नहीं आप चाहे सड़क ना बनाएं स्कूल ना बनाएं हमें तो पूछना नहीं है। चुनाव के समय आओगे हमारे जज्बातों को उभारोगे। हम से धर्म की बातें करोगे। जाति की बातें करोगे। हम आगे बढ़ा देंगे। आपने दशकों से इतनी बुरी आदत डाल दी है। अब आदत तोड़ो।

इनके मन में है जो धारणाएं हैं। यह जो बुरी आदत है। आप लोगों ने लगाई है। इसका नतीजा यह हुआ कि इन्होंने ना रोजगार दिलवाने का काम किया। ना किसान को मजबूत करने का काम किया। न छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को मजबूत करने का काम किया और ना मेरी बहनों को मजबूत करने का काम किया।

लेकिन आज मंच पर खड़े होकर कहते हैं कि हम ही जीतेंगे हम ही सरकार बनाएंगे।
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी को देखिए कहती है कि इनको हराएगी।

मैं पूछना चाहती हूं कोई ऐसा जंग है इस पूरे विश्व के इतिहास में जो बगैर लड़े जीता गया हो।
सीएए, एनआरसी हुआ और इसके द्वारा आपको जो आपके संविधान ने हक दिया था। उसे छीना जा रहा है। और समाजवादी दल के नेता चुप घर से बाहर तक नहीं निकले। आपसे मिलने तक नहीं आए। आप आंदोलन कर रहे हैं लेकिन कोई आपसे मिलने नहीं आए।

समस्याएं जब आती है तो सबके लिए आती हैं। बेरोजगारी और महंगाई जब आती है तो सबके लिए आती है। और जब विकास होता है तो सबका होता है। तो आखिर यह राजनीतिक नेता मंच पर खड़े होकर धर्म और जाति की बातें क्यों करते हैं। वह आपके मंच पर खड़े होकर पाकिस्तान, बुलडोजर, आतंकवाद सिर्फ यही बातें क्यों करते हैं।

क्या इससे आपका पेट भर रहा है। क्या आपको इसे रोजी रोटी मिल रही है। क्या आपकी तरक्की हो रही है नहीं।

आप आंखें खोल लीजिए। तरक्की सिर्फ उन लोगों की हो रही है और यह समाजवादी दल और बसपा यह समझौते किए हुए हैं। यह मत समझिए। इस गलतफहमी में मत रहिए। आप की अगर इनकी सरकार बन भी गई तो यह सामने आएंगे।

आपके लिए सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी ने संघर्ष किया है। आपके लिए सड़क पर उतरने वाली पार्टी कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने आपका धर्म नहीं पूछा। आपकी जाति नहीं पूछी। चाहे आप दलित हों, आप ब्राह्मण हों, आप कुछ भी हो, आप मुसलमान हों, आप हिंदू हां, आप बौद्ध हां, ईसाई हों, अगर आपके यहां अत्याचार आया। आपको दुख हुआ। तो कांग्रेस पार्टी के नेता आपके सामने हाजिर रहे।

हम नहीं चाहते कि आप कभी भी किसी पर निर्भर हां। क्योंकि हमारे पूर्वजों ने आपके आजादी की लड़ाई लड़ी हैं। हमारे पूर्वज इस देश के लिए शहीद हुए। उनका खून इस मिट्टी में मिला हुआ है।

यह लोग आपको एक बोरा गल्ला तो देते हैं। लेकिन आप इनकी नियत को समझ रही हैं। आपको उसी पर निर्भर करना चाहते हैं। यह आपको नौकरी नहीं देंगे। मैं यह बात दावे के साथ कहती हूं। और यह नौकरी इसलिए नहीं देंगे क्योंकि जिस दिन आप सशक्त हो जाओगे। जिस दिन आप अपने आप पर निर्भर हो जाओगे। तो आप इन पर निर्भर नहीं रहोगे। और जब आप इन पर निर्भर नहीं रहोगे तो इनकी धर्म और जाति की बातें चलेंगी ही नहीं।

आप नेताओं को भगवान बनाए जा रहे हैं। जागिए कोई भगवान नहीं है। सारे लोग इंसान ही हैं। और सब आपसे सत्ता लेने के चक्कर में हैं। सब आपसे वोट मांग रहे हैं। आपसे सत्ता चाहते हैं ताकि राज करें। लेकिन आपके लिए काम नहीं करेंगे। और जब आप खड़े हो जाएंगे तो उनको मालूम है कि यह सब राजनीति नहीं चलेगी। सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी। और विकास का सबसे पहला मतलब है रोजगार। जब तक प्रदेश के नौजवानों को रोजगार नहीं मिलेगा तब तक उनका विकास नहीं होगा।

जब यह आपके सामने आते हैं बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। तो आप इन से पूछिए कि रोजगार देंगे?
कांग्रेस पार्टी कह रही है 2000000 रोजगार देंगे, कैसे? 1200000 सरकारी पद जो खाली हैं। सबसे पहले उनको भरा जाएगा। 800000 नये रोजगार देंगे।

नौजवानों अगर आप अपना कोई बिजनेस शुरू करना चाहते हो तो कांग्रेस पार्टी आपको 1 प्रतिशत ब्याज पर लोन देगी।

किसान भाइयों और बहनों, कांग्रेस ने पहले भी आप सबके कर्ज माफ किया फिर से कह रहे हैं जैसे पहले किया था आप सब के कर्ज माफ किए जाएंगे। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को हम पूरी तरह से सहायता करेंगे।

अपनी मां और बहनों के लिए अस्पतालों में महिला डॉक्टर और महिला नर्स उपलब्ध करवाएंगे। आप की शिक्षा के लिए हम पाठशाला खुलवा आएंगे। इसके अलावा हम जितने भी सरकारी रोजगार बनाएंगे उनमें 800000 महिलाओं को मिलेंगे।

पुलिस में 25 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती करवाएंगे। अगर कोई पुलिसकर्मी अपराधियों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करने से मना करेगा और 10 दिन के अंदर अंदर एफ आई आर दर्ज नहीं हुआ तो उस अधिकारी के सस्पेंशन का कानून लाएंगे। छात्राओं को मुफ्त में फोन और स्कूटी मिलेगा ताकि वह भी आगे बढ़े।

जिन परिवारों को कोरोना वायरस से ज्यादा मुश्किल हुई उन को रू. 25000 दिए जाएंगे।
छुट्टा जानवरों की जो सबसे बड़ी समस्या है। जिनके बारे में हमारे अंतर्यामी सर्वज्ञानी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि हमें उसके बारे में संज्ञान ही नहीं था।

इतनी बड़ी समस्या है और आपके प्रधानमंत्री, गृहमंत्री आकर कह सकते हैं कि हमें तो संज्ञान ही नहीं हैं। इतनी आपने इन्हें हिम्मत दे दी है।

हमें तो मालूम ही नहीं ऐसा कहने के बाद इन्होंने उसी चीज की घोषणा कर दी जो कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में 3 सालों से कर रही है। इस समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में क्या कर रही है। वहां पर भी है बहुत बड़ी समस्या है। तो उन्होंने पब्लिक को कहा कि अगर आप छोटे जानवर का देखभाल करोगे तो हम आप से दो रुपए किलो गोबर खरीदेंगे।

कई जगह लोग इस बात पर हंसते हैं कि सरकार गोबर खरीद कर क्या करेगी। अरे सरकार का काम है। आप को सशक्त करने का चाहे गोबर ही क्यों ना खरीदना पड़े। लेकिन गोबर को खरीद कर गोबर गैस बनाती है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देकर अच्छे से अच्छा खाद बनवा कर किसानों को दिलवा दी है।

तो सब तरह का फायदा होगा। छुट्टा जानवर घूमने नहीं पाएेंगे। आपने उसकी देखभाल कर ली और देखभाल करने की वजह से आपकी थोड़ी बहुत कमाई भी हो गई और उस गोबर का अच्छा इस्तेमाल भी हो गया आपके लिए।

और इससे पहले इनका इस समस्या के समाधान के लिए क्या था। गौशाला बनाना लेकिन उन गौशालाओं में ना छत है ना पानी है ना चारा है। गायों को जेसीबी से उठाकर दफनाया जा रहा है। यह सच्चा धर्म नहीं है। सच्चा धर्म यही है कि नेताओं का काम जनता की सेवा करना है।
किसी भी किताब को खोल लीजिए। किसी भी भगवान की वाणी को सुनिए और वह यही कहेंगे सेवा सबसे बड़ा धर्म है। उस धर्म को यह लोग निभा ही नहीं रहे हैं।

तो कांग्रेस पार्टी उस सेवा के धर्म को निभाना चाहती है। हम चाहते हैं कि आप सशक्त बनें। आप आजाद बनें। हम आपके गुलामी नहीं चाहते हैं। हम नहीं चाहते हैं कि कोई भी नेता इस देश को या इस प्रदेश को तानाशाही से चलाएं।

नौजवानों ऐसी राजनीति को समाप्त करो। चाहे वह भाजपा हो, सपा हो, बसपा हो, विकास की राजनीति ही राजनीति का मकसद होना चाहिए कि आप सब को आगे बढ़ाए।

ऐसी राजनीति लाने के लिए आपके चहेते आपके विधानसभा के श्री अरशद खुर्शीद जी हैं।
अगर आप कांग्रेस को सत्ता में लाएंगे। अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो आप देखना कि कितनी तेजी से विकास होता है।

क्योंकि कोई और मकसद ही नहीं होगा। कोई आपके जज्बातों का इस्तेमाल नहीं करना चाहता है। आपके जज्बात होने चाहिए देश के लिए। देश के लिए मर मिटना ही राष्ट्रवाद होता है। देशवासियों को लड़ाने में कोई राष्ट्रवाद नहीं है। देशवासियों के जज्बात को उभार कर वोट लेने में कोई राष्ट्रवाद नहीं है।

अब मैं अपने भाषण को समाप्त करते हुए कहना चाहती हूं कि मैंने देखा कि आपने मेरी बातें बहुत ध्यान से सुना। अब इतना याद रखिएगा कि जब आप वोट देने जाएंगे तो आंख मूंदकर वोट मत दीजिएगा। अपनी जिम्मेदारी से वोट देना। आप अपने बच्चों के लिए, अपने देश के लिए, अपनी जमीन के लिए, अपना वोट देंगे। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

चुनावी जनसभा समाप्त होने के बाद आई हुई जनता ने उनके भाषण पर राय व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का भाषण बहुत जादुई था। लगभग 40 मिनट के संबोधन के दौरान लोगों ने गंभीर होकर उनकी बात को सुना। लोगों का यही कहना था कि भले ही अखिलेश जैसा भीड़ तो नहीं दिखा लेकिन प्रियंका गांधी के भाषण में मझे हुए एक राष्ट्रीय नेता का गुण दिखाई पड़ा। वास्तव में प्रियंका गांधी जनता का दुख दर्द समझने और उसका भला करने वाली एक राष्ट्रवादी नेता हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.