सिद्धार्थनगर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देश पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 7 सूत्रीय मांग पत्र इटवा के विधायक व नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को देकर कार्रवाई की मांग किया है।
उक्त जानकारी एसोसिएशन के बस्ती मण्डल के अध्यक्ष डॉ बलराम त्रिपाठी ने 15 दिसम्बर 2025 को दी है। उन्होनें बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है। संगठन का पंजीकरण संख्या 1153/86 है।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उ. प्र. की शाखा उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों व 551 तहसीलों में गठित होकर सुचारु रूप से कार्य कर रही है। अत्यंत कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे इन पत्रकारों को सरकार व संस्थान की तरफ से कोई सुविधा नहीं दिया जाता है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे ये पत्रकार अनेक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। इसलिए इनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए तहसील स्तर पर मान्यता प्रदान करना बहुत आवश्यक हो गया है। इसके लिए निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी पत्र संख्या – 1484/सू0 एवं ज0स0वि0 (प्रेस)-36/2004 दिनांक 19-06-2008 को संशोधित करते हुए सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं के मान्यता प्रदान करने हेतु आदेश निर्गत किया जाय।
पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तरीय स्थाई समिति की नियमित बैठकें कराई जाय और मण्डल मुख्यालय पर मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में और तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थाई समिति का गठन किया जाना आवश्यक है। साथ ही इसमें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सम्मिलित करें।
ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधा से आच्छादित करने के लिए उन्हें आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क सुविधा दिया जाना चाहिए।
प्रदेश स्तर पर गठित पत्रकार मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में सम्मिलित किया जाय।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यालय हेतु दारुलशफा में निःशुल्क भवन उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण पत्रकारों के समस्याओं का अध्ययन व समाधान करने हेतु ग्रामीण पत्रकार आयोग का गठन किया जाय। पत्रकारिता के दायित्व का निर्वहन करते समय परिस्थितियों वश होने वाले विवाद के प्रकरण में पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज कराने से पहले किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराने का आदेश निर्गत किया जाय।
मुख्यमंत्री को संबोधित उपरोक्त 7 सूत्रीय ज्ञापन मण्डल अध्यक्ष डॉ बलराम त्रिपाठी के नेतृत्व में तथा जिलाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव की उपस्थिति में नेता प्रतिपक्ष को दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने इस ज्ञापन को शीघ्र मुख्यमंत्री को प्रेषित करने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर इटवा तहसील अध्यक्ष रामपूजन सोनी, अम्बिका मिश्र, मेहदी रिजवी, शिव कुमार चौबे, प्रमोद कुमार मिश्र, शैलेन्द्र कुमार उपाध्याय, रमेश कुमार, अनीस, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अनिल वर्मा सहित एसोसिएशन के तमाम सदस्य तथा पदाधिकारी मौजूद रहे।