सिद्धार्थनगर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल की जयंती एवं विचार गोष्ठी का आयोजन इटवा में डुमरियागंज मार्ग पर स्थित कार्यालय हुआ। कार्यक्रम के शुरुआत में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संस्थापक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ बलराम त्रिपाठी ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल के जीवन और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए संघर्ष और योगदान के साथ संगठन की स्थापना के बारे में विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बाबू बालेश्वर लाल ने इस संगठन का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों की आवाज और उनकी पीड़ा को शासन प्रशासन तक पहुंचाने के लिए किया था। मुख्यधारा से जुड़े पत्रकार की सुनवाई किसी न किसी माध्यम से हो जाती है। लेकिन सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकार साथियों को प्रायः संघर्ष करना पड़ता है।
कई बार वह विषम परिस्थितियों से भी घिर जाते हैं। ऐसे में संगठन हमेशा उनके लिए संघर्ष करने के साथ उनकी न्याय की लड़ाई में कंधे से कंधा मिला कर खड़ा रहता है। संगठन को मजबूती प्रदान करके हम हर मुश्किल को आसान कर सकते हैं।
पत्रकार साथियों को खबर लिखते समय निष्पक्षता का पूरा ध्यान देना चाहिए। कभी पार्टी न बनें। सच्चाई के तह तक जाकर सच को उजागर करें। हम स्वर्गीय बाबू जी के बताये मार्ग पर चलकर इस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करें। यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक मेंहदी रिजवी ने कहा कि पत्रकार के पास हमेशा समाज के लिए बेहतर करने का अवसर होता है। वे विषम परिस्थितियों में भी समाज के सकारात्मक बदलाव और विकास में अपनी सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हैं। दायित्व निर्वहन के दौरान पत्रकारों को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में ही संगठन का महत्व और बढ़ जात है।
एसोसिएशन के संरक्षक शिव कुमार चौबे ने कहा कि एसोसिएशन हमेशा सामाजिक मूल्यों के लिए काम करने के साथ पत्रकारों के लिए संघर्ष करने में आगे रहता है। इसी का परिणाम है कि आज ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पूरे प्रदेश में अपना विस्तार करते हुए मजबूती से काम कर रहा है।
तहसील अध्यक्ष राम पूजन सोनी ने कार्यक्रम में आए हुए सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष डॉ बलराम त्रिपाठी, मोहम्मद मेहदी जी, अंबिका मिश्रा, शिवकुमार चौबे, उदयभान सैनी, शैलेंद्र उपाध्याय, रामपूजन सोनी, सज्जन श्रीवास्तव, प्रमोद मिश्रा, अनीस अंसारी, सभाजीत त्रिपाठी, सुनील श्रीवास्तव, सहाबुद्दीन खान, रामपाल यादव, योगेंद्र पाण्डेय सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।