ढ़ाई लाख रूपए लागत का कॉपर केबल का हुआ नुकसान- विनय मिश्रा
इटवा(सिद्धार्थनगर)। इस समय चारों ओर चोर चोर का शोर है। पहरा के नाम पर अनजान के साथ हो रहा अंधेर है। फिर भी हाथ कंगन को आरसी क्या। इटवा थाना क्षेत्र के संग्रामपुर चौराहे पर शनिवार अपराहन दो बजे सावित्री फूड राइस मिल के दीवाल में सेंध काटते एक चोर पकडा गया। दो चोर फरार हो गए। ढाई लाख रूपए लागत की कॉपर केबल की चोरी होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इटवा अन्तर्गत ग्राम सिरसिया निवासी विनय मिश्रा की संग्रामपुर स्थित शुक्ला चौराहे पर सावित्र फूड के नाम से राइल मिल है। शनिवार 20 सितम्बर 2025 की दोपहर 02 बजे वह अपनी राइस मिल पर पहुंचे। गेट खोल कर अंदर गए तो तीन युवकों को दिवाल में सेंध काटते देख कर दंग रह गए। शोर करने पर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए और एक चोर को पकड लिया गया। दो चोर मौका पाकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि मिल के चारों तरफ दिवाल है। यह लोग दिवाल फांद कर अन्दर आराम से सेंध काट रहे थे। चूंकि मिल में इस समय काम नहीं हो रहा था लेकिन सामान आदि रखा था। पीडित द्वारा बताया गया कि दस दिन के अन्दर यह तीसरी घटना है। इसके पहले दो बार यह लोग सामान चुरा कर ले जा चुके हैं। लेकिन पकड में नहीं आ रहे थे। मैं इसकी सघन निगरानी कर रहा था। आज यह लोग रगेहाथ धर लिए गए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी चोर अपना नाम गज्जु तथा पता सेमरी खानकोट बता रहा है। वायरल वीडियो की न्यूज यूनिवर्सल पुष्टि नहीं करता है। पीडित ने पकडे गए आरोपी चोर को इटवा पुलिस के हवाले कर दिया है। साथ ही घटना की लिखित सूचना भी दिया पीडित द्वारा थाने पर दी गयी है। इस सम्बंध में इटवा पुलिस जांच पडताल कर रही है।
इटवा थाना क्षेत्र की कुछ चोरियों का अभी तक नहीं हुआ खुलासा
इटवा थाना क्षेत्र में गत अगस्त और सितम्बर माह में हुई कुछ चोरियों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पीडित कह रहे हैं कि इटवा पुलिस सिर्फ हवा में लाठी मार रही है।
गत 02 अगस्त 2025 की रात आनंदनगर चौराहे पर प्लांट पर खडी मिक्सिंग मशीन में लगे मोटर की चोरी हो गयी थी। घटना की लिखित सूचना ग्राम पुरैना निवासी पीडित आरिफ मकसूद ने इटवा थाने पर 03 अगस्त 2025 को देकर कार्रवाई की मांग किया था।
रविवार 03 अगस्त 2025 की दोपहर ग्राम मुडिला सोनबरसा निवासी जाफर एटीएम से पैसा निकालने आए। वहां एटीएम पर दो शातिर ठगों ने नजर भटका कर एटीएम बदल कर 25 हजार रूपया तीन बार में निकाल लिया। पीडित ने तुरंत एटीएम ब्लाक कराया और स्थानीय थाने पर तहरीर देकर शातिर ठगों पर कार्यवाही की मांग किया था।
11 सितम्बर 2025 की रात डेढ़ बजे के लगभग ग्राम भावपुर मीरा निवासी नसरूल्लाह पुत्र बैतुल्लाह के घर आज्ञात चोर ताला तोड कर घर में रखा एक लाख नकदी व पांच तोला सोने का जेवर चुरा ले गए थे। पीडित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया था।






