उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी ने आमजन से किया संयुक्त अपील
इटवा, सिद्धार्थनगर। उप जिलाधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी ने एक साझा संदेश में कहा है कि आमजन निश्चिंत रहें अफवाहों से भयभात न हों। चोरी की घटनाओं पर पुलिस मुस्तैदी से कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन का सहयोग कर अफवाहों को खत्म करें। कानून अपने हाथ में न लें। अफवाह फैलाने और कानून अपने हाथ में लेने वालों पर पुलिस सख्त कार्यवाही करेगी।
उप जिलाधिकारी इटवा कुणाल तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी इटवा सुवेन्दु सिंह ने रविवार 14 सितम्बर 2025 को तहसील में संयुक्त पत्रकारवार्ता में कहा कि अफवाह फैलाने से पुलिस को अपना कार्य करने में बाधा उत्पन्न होगी और संदिग्ध लोग उसका फायदा उठाऐंगे। इस लिए सूझ बूझ से अपना काम करें।
पुलिस एक्टिव मोड में है। गांव में चौकीदारों को सक्रिय किया गया है। पहरा देने के नाम पर गली मोहल्ले में व गांव की सडकों पर घूम घूम कर उदण्डता न करें। रखवाली करना चाहते हैं तो करें बिला वजह लोगों को परेशान न करें। अपने घर पर जागें। पुलिस का सहयोग करें।
अनजान लोग मिलें तो उनके साथ मारपीट न करें। बिना सबूत के किसी को चोर न समझें। मानवीयता बनाए रखें याद रखें कि वह भी एक इंसान है। अंजान या संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। 112 डायल करें। थाना प्रभारी को बताएं या पुलिस क्षेत्राधिकारी को बताएं।
जो लोग अफवाह फैलाऐंगे या कानून अपने हाथ में लेंगे उनके खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। 2003 की पॉलिसी के अनुसार ड्रोन संचालकों को थानों में रजिस्टर्ड किया जा रहा है। जहां भी ड्रोन उडने की सूचनाएं मिली है, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसको खंडित किया है। आप लोग ड्रोन के नाम पर भयभीत न हों। अब ड्रोन उडने की घटनाएं न के बराबर हैं।
अधिकारी द्वय ने पत्रकारों से अपील किया है कि किसी भी घटना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे प्रकाशित या प्रसारित न करें। साथ ही यदि कहीं भी अफवाह या विवाद की स्थिति बनती है तो तत्काल प्रशासन व पुलिस को सूचना दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक व उत्तेजक संदेश फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाज में अमन-चौन बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और मीडिया तीनों को आपसी सहयोग से काम करना होगा।