मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर)। खुनियांव विकास खण्ड अन्तर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय महुई में भारत रत्न परम श्रद्धेय पंडित अटल बिहारी बाजपेयी की 101 वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनायी गयी।
भारत देश के लोकप्रिय यशस्वी प्रधानमंत्री रहे परम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर प्रधानाध्यापक अभय कुमार पांडेय द्वारा माल्यार्पण कर तत्पश्चात दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के बच्चों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
प्रधानाध्यापक अभय कुमार पांडेय ने बताया कि आज एक ऐसे महापुरुष की जयंती हम मना रहे हैं जिनका जीवन एक खुली किताब की तरह था। पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जैसा व्यक्तित्व जिनका जीवन एक आदर्श और मर्यादित जीवन के लिए जाना जाता है।
भारत देश के तीन बार प्रधानमंत्री पद पर सुशोभित हुए और भारत देश के विकास में आपके विशेष योगदान को कोई भुला नहीं सकता। आपके नेतृत्व में जो विकास की गाथा लिखी गई चाहे वो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, कारगिल विजय, पोखरण परमाणु परीक्षण आदि कई उपलब्धियां आपके कुशल नेतृत्व की देन हैं।
भारत देश के आप महान कवि के रूप में भी विख्यात हैं। आपकी कविताओं से आज युवा पीढ़ियों को सीख लेने की जरूरत है।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों से पंडित अटल बिहारी वाजपेई जी के जीवन दर्शन पर निबंध लिखाया गया। इसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।