सिद्धार्थनगर। बहुजन समाज पार्टी 305 विधानसभा इटवा के सभी सेक्टर अध्यक्षों ने नया जिलाध्यक्ष नियुक्त करने से नाराज होकर सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष राम अचल गौतम के नेतृत्व में 11 दिसम्बर 2025 को अमौना में बैठक करके लगभग 40 की संख्या में मौजूद सेक्टर अध्यक्षों ने यह निर्णय लिया और एक पत्र पूर्व मुख्यमंत्री को भेजा।
बहुजन समाप्त पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भेजे पत्र में सेक्टर अध्यक्षों ने कहा है कि जनपद सिद्धार्थनगर में मनमानी तरीके से राज कुमार आर्या को नया जिला अध्यक्ष नियुक्ति कर दिया गया है।
नवनियुक्ति जिला अध्यक्ष राजकुमार आर्या के पूर्व के कार्याें को देखते हुए उनके कार्यशैली से आहत एवं निराश होकर हम सभी सेक्टर अध्यक्ष अपने पद से अपने स्वेच्छा से पद मुक्त हो रहे हैं।
भविष्य में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यदि नवनियुक्ति जिला अध्यक्ष को नहीं हटाया तो यह इस्तीफा एवं आन्दोलन अनवरत चलता रहेगा। कारण साफ है कि विधान सभा एवं नगर पंचायत चुनाव में जिला अध्यक्ष राजकुमार आर्या ने जिस-जिस को टिकट देकर प्रत्याशी बनाया आज उसमें से वर्तमान में एक भी प्रत्याशी बहुजन समाज पार्टी में नहीं है। क्योंकि सभी प्रत्याशी सपा या भाजपा से थे।
आगे कहा कि किसी भी पदाधिकारी को बिना अवगत कराये अचानक जिला अध्यक्ष को बदलने से हम कार्यकताओं में भारी आक्रोश है। अगर हमारे विचारों को संज्ञान में नहीं लिया गया तो इस्तीफा देते हुए संघर्ष जारी रखेंगे।
इस अवसर पर बिरेन्द्र कुमार, विशाल गौतम, राम आशीष गौतम, अम्बेडकर, जितेन्द्र, राम कृपाल, हरिश्चन्द्र आदि मौजूद रहे।