सिद्धार्थनगर। कालानमक धान उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी सत्र में किसानों से 1500 मीट्रिक टन कालानमक धान की खरीद की जाएगी। साथ ही किसानों को गुणवत्ता और नमी के आधार पर मौजूदा बाजार मूल्य से 5 से 10 प्रतिशत अधिक कीमत देने की भी घोषणा की गई है।
कालानमक धान के उत्पादन, विपणन और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा-
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कालानमक चावल (एक जनपद एक उत्पाद) के सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) की जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कालानमक धान के उत्पादन, विपणन और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और सीएफसी प्रबंधन को निर्देश दिया कि कालानमक धान के उत्पादन क्षेत्र का विस्तार करने के लिए किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अनुबंधित खेती को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक किसान गोष्ठियां आयोजित की जाएं। उन्होंने एसपीवी और किसान सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
सीएफसी के निदेशक ने बताया कि आगामी सत्र में 1500 मीट्रिक टन कालानमक धान के क्रय एवं प्रसंस्करण के लिए सिंगापुर की कंपनी बुद्धा राइस तथा KISAANSAY, PRDF और अन्य किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ समझौता (एमओयू) किया गया है।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लूलू मॉल, ब्लिंकिट और बिग बाजार जैसी बड़ी कंपनियों से संपर्क स्थापित कर सिद्धार्थनगर के कालानमक चावल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
समिति ने बताया कि एसपीवी और गैर-एसपीवी दोनों श्रेणी के ऐसे किसान, जिनके पास 4 टन या उससे अधिक कालानमक धान उपलब्ध होगा, उनके धान का प्रसंस्करण और परिवहन निःशुल्क कराया जाएगा। साथ ही किसानों को खरीद की गारंटी देने के उद्देश्य से गुणवत्ता और नमी के आधार पर बाजार मूल्य से 5 से 10 प्रतिशत अधिक मूल्य पर धान खरीदा जाएगा।
कालानमक चावल परियोजना से जुड़कर लाभ लेने के इच्छुक किसान, उत्पादक, उद्यमी एवं क्रेता-विक्रेता सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) के निदेशक अभिषेक सिंह अथवा ओडीओपी मंडल कंसल्टेंट से कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग शिव शंकर कुमार, ओडीओपी मंडल कंसल्टेंट तोषन्द्र कुमार मिश्रा, उद्यमी मित्र अनुराग सिंह सहित सीएफसी एवं एसपीवी के सदस्य उपस्थित रहे।






