सिद्धार्थनगर। जल ही जीवन है। जल हमें अनावश्यक बेकार नहीं करना चाहिए। जितना आवश्यकता हो उतना खर्च करना चाहिए। जल संरक्षण की महत्ता को समझते हुए सरकार जलाशयों का निर्माण आजादी के 75 साल पूरा होने के उपलक्षय में अमृत सरोवर के रूप में कर रही है। यह अमृत सरोवर गांव की सुन्दरता को बढ़ाएंगे।
उक्त बातें खण्ड विकास अधिकारी इटवा अरूण कुमार श्रीवास्तव ने “आज” से भेंट वार्ता में सोमवार को कही है। उन्होंने आगे कहा कि शासन की मंशा के अनुसार हमारे विकास खण्ड में सात अमृत सरोवरों का निर्माण कार्य प्रारम्भ है।
सात अमृत सरोवरों का प्रारम्भ है निर्माण कार्य
विकास खण्ड के ग्राम पंचायत सिसवा बुजुर्ग गांव के पूरब स्वंतत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय मथुरा प्रसाद अमृत सरोवर, ग्राम पंचायत सुहेलवा में गांव के उत्तर नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमृत सरोवर, ग्राम पंचायत सकतपुर में राम जानकी मंदिर के पास अमृत सरोवर तालाब का सुंदरीकरण कार्य, ग्राम पंचायत पतिला में गांव के दक्षिण पीडब्ल्यूडी के पूर्व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राम लखन अमृत सरोवर तालाब का निर्माण, ग्राम पंचायत जनिकौरा मुड़िला बक्शी में गांव के उत्तर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय महादेव अमृत सरोवर तालाब का निर्माण, ग्राम पंचायत भोपलापुर पिपरी में गौशाला के उत्तर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय लाल बहादुर अमृत सरोवर तालाब का निर्माण, ग्राम पंचायत इमलिया में विजय पाल सिंह के खेत के पास भगत सिंह अमृत सरोवर धोबीघाट तालाब का निर्माण कार्य प्रारंभ है।
इन अमृत सरोवरों के निर्माण से जल संरक्षण तो होंगा ही, साथ में वृक्षारोपण और लिंक रोड से इसको जोड़ा जाएगा। जिससे ग्राम सभा की सुंदरता और बढ़ेगी। इसका निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से किया जा रहा है। जिसमें गांव के मजदूरों को गांव में रोजगार भी मिल रहा है।
इसके साथ गांव के पोखरे की खोदाई एवं वृक्षा रोपण और भूमि जल संरक्षण भी होगा। ज्ञात हो कि पिछले महीने ग्राम पंचायत सुहेलवा में गांव के उत्तर नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमृत सरोवर का शुभारम्भ विविधान विधान के अनुसार क्षेत्रीय विधायक माता प्रसाद पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया था।