सिद्धार्थनगर जिले के इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आगामी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अभियान के दौरान बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इटवा सीएचसी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एएनएम एवं संगिनियों को पल्स पोलियो अभियान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 28 जून को बूथ दिवस आयोजित होगा, जबकि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके बाद 6 जुलाई को बी-टीम उन बच्चों तक पहुंचेगी जो किसी कारणवश पहले चरण में छूट गए होंगे।
अभियान के लिए 87 बूथ, 54 टीमों तथा 7 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है। साथ ही 19 सुपरवाइजर और 4 सेक्टर इंचार्ज तैनात किए गए हैं। प्रशिक्षण से वंचित वैक्सीनेटरों को 22 जून को पुनः प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे।
प्रशिक्षण एआरओ ओम प्रकाश त्रिपाठी एवं मॉनिटर सत्यकांत शुक्ला द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में डॉ. बी.के. सिंह, बीसीपीएम शिवशंकर वरुण, राजेन्द्र मिश्रा, भूपेन्द्र नारायण पांडेय, पवन कुमार यादव, दुर्गेश कुमार अग्रवाल, संजय कुमार चौधरी और आईओ मनीष कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य और मजबूत हो सके।