पटना में पत्रकारों पर हमले के विरोध में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग

By
On:

मुजफ्फरपुर (बिहार)। पटना में प्रदर्शन के दौरान समाचार कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजेए) की मुजफ्फरपुर इकाई ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, बिहार के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कुमार गौरव को सौंपा। संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

पटना में पत्रकारों पर हमले के विरोध में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बिहार के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और निष्पक्ष समाचार संकलन एवं प्रसारण उनका संवैधानिक दायित्व है। कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हिंसा और दुर्व्यवहार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर आघात है।

संगठन ने राज्य सरकार से मांग की कि 22 जुलाई 2026 को पटना में हुई घटना की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल पत्रकारों को समुचित चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भविष्य में किसी भी प्रदर्शन, आंदोलन अथवा संवेदनशील घटनाओं की कवरेज के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपना दायित्व निभा सकें।

पटना पत्रकार हमला मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा की मांग

प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, लोकतंत्र की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। सरकार को इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

इस अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, मुजफ्फरपुर के जिलाध्यक्ष एवं न्यूज़ लाइन नेटवर्क के ब्यूरो प्रमुख मंजय कुमार तथा वरीय उपाध्यक्ष एवं मौर्यध्वज एक्सप्रेस के मुख्य संपादक ब्रह्मदेव कुशवाहा को संगठन का परिचय पत्र पहनाकर सम्मानित किया गया।

ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, बिहार के मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ प्रेषित की गई।

इस दौरान मंजय कुमार, ब्रह्मदेव कुशवाहा, मिर्जा मेंहदी अब्बास, सुशील कुमार, जूही कुमारी, राहुल राणा, उमाशंकर गिरी और अजीत कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें
news universal,logo,

News Universal Hindi

न्यूज यूनिवर्सल हिन्दी एक टाप हिन्दी न्यूज वेबसाइट है। यह उत्तर प्रदेश, सिद्धार्थनगर सहित सभी हिन्दी भाषी समाचारों को कवर करता है। देश, प्रदेश और सिद्धार्थनगर जिले की हर छोटी बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज यनिवर्सल डाट इन वेबसाइट पर आएं।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

Leave a Comment

  • Rating