सिद्धार्थनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त 2026 को सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सर्वप्रथम कैम्प कार्यालय और इसके बाद पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस बल ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान की धुन के बीच स्वतंत्रता संग्राम के वीरों तथा देश की आजादी के गौरवपूर्ण क्षणों को याद किया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के साथ अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
जिले के पुलिस कार्यालयों और थानों में भी फहराया गया तिरंगा
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों तथा प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने संबंधित थानों और पुलिस कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी।
सभी स्थानों पर संकल्प पत्र पढ़ा गया और पुलिसकर्मियों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने, आपसी भाईचारा और बंधुता कायम रखने तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने का संकल्प लिया।
सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पदक और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिद्धार्थनगर पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से प्रदान किए गए प्रशंसा चिन्ह एवं पदक के साथ ही पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन और थानों में तैनात कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस परिवार के सभी सदस्यों के साथ जनपद और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह रजत
शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रशंसा चिन्ह रजत प्राप्त करने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशान्त कुमार प्रसाद और निरीक्षक अरविन्द कुमार शाही, प्रभारी यूपी-112 सिद्धार्थनगर शामिल हैं।
सेवाभिलेख के आधार पर मु0आ0स0पु0 मुन्ने खाँ, पुलिस लाइन को भी पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह रजत प्रदान किया गया।
गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट और अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए पुलिसकर्मी चयनित
सेवा अभिलेख के आधार पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए सिद्धार्थनगर के पुलिसकर्मियों के नाम घोषित किए गए हैं। पदक प्राप्त होने के बाद इन्हें प्रदान किया जाएगा।
उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, निरीक्षक संतोष कुमार यादव, मुख्य आरक्षी विपिन कुमार नायक, मुख्य आरक्षी संजय कुमार चौरसिया, मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी सच्चिदानन्द दूबे, मुख्य आरक्षी राजू गौतम, मुख्य आरक्षी गार्डेन कुमार, मुख्य आरक्षी सुशील कुमार गुप्ता के नाम शामिल हैं।
वहीं निरीक्षक विजय नरायन, निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी और उपनिरीक्षक तेज प्रताप सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है।
यूपी-112 के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को भी मिला प्रशस्ति-पत्र
यूपी-112 मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट कार्य के लिए सिद्धार्थनगर के पीआरवी कर्मियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
सराहनीय कार्य के लिए चन्दन कुमार कमांडर, पवन दूबे पायलट, अजीत कुमार सब कमांडर और राजकुमार पायलट को प्रशस्ति-पत्र मिला।
वहीं बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के लिए सचिन यादव कमांडर, सुरेन्द्र कुमार कमांडर, धीरज कुमार कमांडर, राजकुमार भट्ट चालक, प्रदीप भट्ट चालक और सूर्यकान्त मिश्रा चालक को सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने लिया कर्तव्य और निष्ठा का संकल्प
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सम्मान और शपथ के माध्यम से पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों की याद दिलाई गई। समारोह में देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के संकल्प को प्रमुखता दी गई।
सिद्धार्थनगर पुलिस के लिए स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन राष्ट्रीय गौरव के साथ-साथ सराहनीय सेवाओं को पहचान देने का अवसर भी बना।







