सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पटना-बिशुनपुर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा पानी की टंकी के पास उस समय हुआ, जब सांप को मारने के लिए युवक ने सरिया उठाया। सरिया ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे युवक करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद परिजन बदहवास हैं, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पानी की टंकी के पास निकला था सांप
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की शाम करीब चार बजे ग्राम पटना-बिशुनपुर में पानी की टंकी के पास एक सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर लोगों ने शोर मचाया तो वह पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल के अंदर चला गया।
सांप को मारने के लिए कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसी दौरान गांव निवासी साहुल यादव (30) पुत्र राम सवारे भी वहां पहुंच गया।
सरिया विद्युत तार के संपर्क में आते ही हुआ हादसा
लोगों के अनुसार, सांप को मारने के लिए साहुल यादव ने एक सरिया उठाया। सरिया ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि मुख्य विद्युत लाइन से पानी की टंकी तक आने वाली सप्लाई लाइन काफी नीचे थी।
सरिया के विद्युत तार के संपर्क में आते ही साहुल यादव करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पानी की टंकी पर संविदा कर्मचारी था साहुल
ग्रामीणों के अनुसार, साहुल यादव इसी पानी की टंकी पर संविदा कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। इनमें एक बच्चा महज आठ माह का, जबकि एक बच्ची चार वर्ष की है।
युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में भी मातम का माहौल है।
बिजली विभाग से मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव एवं युवा नेता डॉ. नादिर सलाम ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पटना निवासी राम सवारे यादव के पुत्र साहुल यादव की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक और असामयिक मृत्यु हुई है।
उन्होंने प्रथम दृष्टया हादसे में बिजली विभाग की लापरवाही की आशंका जताते हुए कहा कि एक युवा की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन से शोकाकुल परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
डॉ. नादिर सलाम ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।










