सिद्धार्थनगर में उद्योग-व्यापार बंधु की बैठक
सिद्धार्थनगर । कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निवेश बढ़ाने और व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमओयू करने वाले निवेशकों से संपर्क के निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि जिन निवेशकों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, उनसे लगातार संपर्क स्थापित किया जाए। निवेशकों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें जिले में अधिक से अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इसलिए निवेश से जुड़े मामलों में विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
व्यापारियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापारियों के मामलों का जल्द समाधान कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों के प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए और निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में रोजगार सृजन योजना के शासन से प्राप्त लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने पर भी जोर दिया गया।
दुग्ध विभाग, पशुपालन विभाग, एमएसएमई, उद्यान विभाग, पर्यटन विभाग, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
नौगढ़ में वाटर एटीएम ठीक कराने की मांग
व्यापारियों ने सरस्वती विद्या मंदिर, नौगढ़ के पास स्थित वाटर एटीएम को ठीक कराने की मांग भी बैठक में रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय कुमार दोहरे, उपायुक्त उद्योग, डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।