मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में मैक्स हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर इटवा में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
सिद्धार्थनगर। मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में मैक्स हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर इटवा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी सिद्धार्थनगर उपस्थित रहे।
इस जागरूकता कार्यक्रम का संचालन स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रूकसाना खान की अगुवाई में तथा मैक्स हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर के संचालक डॉ. अफ़रोज खान के संरक्षण में 18 दिसम्बर 2025 को संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान हॉस्पिटल परिसर में आकस्मिक आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिसमें एक मरीज को सुरक्षित बाहर निकालकर लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही एलपीजी सिलेंडर से आग लगने की स्थिति में आग बुझाने की विधि, फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग तथा आपातकालीन निकासी की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सिद्धार्थनगर नसीरुद्दीन खान द्वारा अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम जनसुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता की दिशा में अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग से लीडिंग फायरमैन संतोष कुमार यादव, फायर सर्विस चालक पवन कुमार, फायरमैन हरेंद्र यादव अनिरुद्ध चंद, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, प्रविंद्र पाल, मुकेश कुमार के अतिरिक्त अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।