सिद्धार्थनगर। इटवा विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम सेहरी खुर्द स्थित न्यू मॉडर्न पब्लिक परमहंस प्रसाद उपाध्याय इंटर कॉलेज के प्रांगण में बुधवार को सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके उपरांत मुख्य वक्ता जिला प्रचारक अवनीश ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता और संगठित राष्ट्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने ओजस्वी पाथेय मार्गदर्शन में कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता में निहित है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और अपनी संस्कृति के संरक्षण के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। विद्यालय परिसर भगवा ध्वजों और आध्यात्मिक नारों से गुंजायमान रहा।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा व संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला सह प्रचारक राहुल ने बताया कि इस प्रकार के सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र की उन्नति में भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी व नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, राम शंकर उपाध्याय, चंदन सिंह, पंकज तिवारी, सुनील उपाध्याय, सुनील मिश्रा, गिरजेश पाठक, राहुल, राकेश, श्यामलाल, नंदलाल सोनी, अभिषेक श्रीवास्तव, स्थानीय जनप्रतिनिधि विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।