सिद्धार्थनगर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इटवा में गुरूवार को करहिया पुल से तहसील तक पदयात्रा निकाल कर मनरेगा में किए गए बदलाव को वापस लेने की मांग किया और ज्ञापन दिया।
मनरेगा बहाली के लिए कांग्रेसियों की पदयात्रा ज्ञापन कार्यक्रम
मनरेगा से महात्मा गांधी जी का नाम हटाने, योजना में किए गए हालिया बदलावों को वापस लेने तथा मनरेगा के मूल स्वरूप की बहाली की मांग को लेकर 12 फरवरी 2026 को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद की अगुवाई में इटवा के करहिया पुल से पदयात्रा निकाली।
यह पदयात्रा करहिया पुल से प्रारंभ होकर इटवा इटवा ब्लॉक होते हुए इटवा चौराहा के रास्ते इटवा तहसील पहुंची, जहां महामहिम राष्ट्रपति जी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार इटवा को सौंपा गया। यह पद यात्रा शांति पूर्वक संपन्न हुई। पदयात्रा में कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी का झंडा एवं महात्मा गांधी जी का चित्र हाथों में लेकर चल रहे थे और मनरेगा के मूल स्वरूप की बहाली की मांग कर रहे थे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश सचिव डॉ नादिर सलाम ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है। योजना से महात्मा गांधी जी का नाम हटाना उनके विचारों और श्रमिक हितों का अपमान है। उन्होंने मांग की कि मनरेगा में काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा सभी हालिया बदलावों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
जिला उपाध्यक्ष जावेद मुकीम, मनरेगा कोआर्डिनेटर राजन श्रीवास्तव एवं जिला उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से श्रमिकों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। मनरेगा के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को श्रमिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए योजना को पूर्ववत लागू करना चाहिए।
इस अवसर पर अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, ज्ञानेंद्र पांडेय, पंकज चतुर्वेदी, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, इश्तियाक चौधरी, गालिब बिसेन, अकील अहमद मुन्नू, मैनुद्दीन प्रधान, शमशाद अहमद, अश्विनी सिंह सोलंकी, श्याम किशोर पांडेय, रियाज़ मनिहार, आसिफ़ रिज़्वी, डॉ प्रमोद कुमार, होरी लाल श्रीवास्तव, बीपत राम शर्मा, रियाजउद्दीन राईनी, शौकत अली, उमेश गौतम, शब्बीर अहमद, जैसराम, हलीम, गुरु प्रसाद, लालजी गुप्ता, भावनाथ मिश्रा, इनायतुल्लाह, शकील अहमद, बैतुल्लाह सहित सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।