सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शौर्य और शारीरिक दक्षता के प्रतीक “प्रहार दिवस” के अवसर पर इटवा में विभिन्न शाखाओं में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने दंड प्रहार का प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक क्षमता और अनुशासन का परिचय दिया।
श्री हनुमान शाखा पर प्रहार का प्रदर्शन खंड संचालक राकेश के निर्देशों के अनुपालन में संपन्न हुआ। खंड कार्यवाह श्यामलाल के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने पूर्ण उत्साह के साथ दंड प्रहार का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए श्यामलाल ने बताया कि संघ प्रहार दिवस क्यों मनाता है।
उन्होंने कहा कि प्रहार अभ्यास केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वयंसेवकों में एकाग्रता, साहस और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा विकसित करने का माध्यम है। इसी क्रम में नगर की माधव शाखा पर भी प्रहार दिवस का भव्य आयोजन किया गया। नगर संचालक राधेश्याम के नेतृत्व में उपस्थित स्वयंसेवकों ने दंड के विभिन्न प्रहारों का अभ्यास और प्रदर्शन किया।
राधेश्याम ने उपस्थित स्वयंसेवकों को प्रहार दिवस के महत्व की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार निरंतर अभ्यास से एक व्यक्ति समाज और राष्ट्र की रक्षा के लिए स्वयं को तैयार कर सकता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से राहुल, मथुरा, विजय, नंदलाल, राजन सहित दर्जनों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।