सिद्धार्थनगर। जिले की इटवा थाना साइबर टीम ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के ₹35 हजार उसके बैंक खाते में वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को आर्थिक राहत मिली है।
साइबर ठगी की शिकायत पर इटवा पुलिस ने दिखाई तत्परता
थाना इटवा क्षेत्र निवासी कनिकराम ने 27 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर संचालित साइबर अपराध एवं साइबर क्राइम रिकवरी अभियान के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
इटवा साइबर सेल ने बैंक से समन्वय कर वापस कराई पूरी धनराशि
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में थाना इटवा साइबर सेल ने संबंधित बैंक से लगातार समन्वय स्थापित किया। टीम के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप 5 अगस्त 2026 को साइबर ठगी की गई ₹35,000 की पूरी धनराशि ऑनलाइन माध्यम से पीड़ित कनिकराम के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
साइबर क्राइम रिकवरी अभियान में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक नागेंद्र सिंह, कांस्टेबल विपुल राय, कांस्टेबल सतीश गौड़, महिला कांस्टेबल श्रीयंका सिंह तथा महिला कांस्टेबल मंजू चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब NCRP पोर्टल अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।






