मिश्रोलिया, सिद्धार्थनगर । यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) और पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने संयुक्त रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सचिव, बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन भेजकर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी मुख्यमंत्री कैशलैस चिकित्सा योजना का लाभ दिए जाने की मांग की है।
संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि विभाग के शिक्षणेत्तर कर्मचारी, जिनमें लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं, शैक्षिक और प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी निभाते हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षकों की तरह शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी मुख्यमंत्री कैशलैस चिकित्सा योजना के दायरे में शामिल किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और आर्थिक बोझ कम हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान यूटा के मंडल अध्यक्ष हरिमोहन सिंह श्रीनेत, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह, जिला महामंत्री अवधेश सिंह, यूटा के जिला महामंत्री प्रकाश नाथ त्रिपाठी तथा यूटा सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष अभय कुमार पांडेय मौजूद रहे।