सिद्धार्थनगर: मिश्रौलिया के तीवर गांव में दो घरों में लाखों की चोरी, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने किया मौका मुआयना

By
On:

मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तीवर गांव में 5 और 6 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।


तीवर गांव चोरी में दो परिवारों को बनाया निशाना

पीड़ित अमरेश शुक्ल पुत्र मकसूदन शुक्ल ने 6 अगस्त 2026 को मिश्रौलिया थाने में दी गई तहरीर में बताया कि घटना की रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए और अलमारी में रखे दो हार, तीन सीकड़, तीन झुमकी, तीन मंगलसूत्र, चार कंगन, पांच बाली, पांच जोड़ी पायल, आठ अंगूठियां, चांदी का सिक्का तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

पीड़ित के अनुसार, वारदात के बाद चोर पड़ोसी रिंकू सहानी पुत्र मानिक चंद सहानी के घर की पिछली दीवार के सहारे छत पर चढ़े और जीने से नीचे उतरकर दूसरे घर में भी चोरी की। वहां से दो माला, एक हार, दो झुमकी, नथुनी, दो मांग टीका, दो पावजेब, एक चांदी की हसुली, तीन जोड़ी पायल तथा छह हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।

सुबह घटना की जानकारी होने पर दोनों पीड़ितों ने संयुक्त रूप से पुलिस को लिखित तहरीर दी।


एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने किया मौका मुआयना

घटना की सूचना मिलते ही मिश्रौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का प्रयास किया।


मिश्रौलिया पुलिस बोली, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की जांच जारी

थाना प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

वहीं चेतिया चौकी प्रभारी मृत्युंजय मिश्र ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

इसे भी पढ़ें-

इस खबर को शेयर करें
news universal,logo,

इसरार अहमद

कई वर्षाें से ग्रामीण पत्रकारिता को कवर कर रहा हूँ। ग्रामीण परिवेश के समाचार संलकन और लेखन में विशेष रूचि है।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

Leave a Comment

  • Rating