इटवा में सुभासपा ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा

By
On:

सिद्धार्थनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को इटवा के एक मैरेज हॉल में पार्टी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की स्थिति की जानकारी ली और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अरविंद राजभर ने कहा कि सिद्धार्थनगर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से कम से कम एक सीट पर सुभासपा मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर अपना राजनीतिक प्रभाव और जनाधार तैयार किया है।

एनडीए में सीट बंटवारे पर रखेंगे मजबूत दावा

अरविंद राजभर ने दावा किया कि सुभासपा ने उत्तर प्रदेश की 83 विधानसभा सीटों पर अपना प्रभाव बनाया है। अलग-अलग गठबंधनों के साथ चुनाव लड़ने के बावजूद पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने करीब 37 सीटों को पार्टी के लिए मजबूत स्थिति वाली सीटें बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ सीटों के बंटवारे के दौरान इन्हीं सीटों के आधार पर अधिक सीटों की मांग रखी जाएगी।

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन में सुभासपा को जो सीटें मिलेंगी, पार्टी उन्हीं सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

राम मंदिर चंदा प्रकरण पर अरविंद राजभर ने क्या कहा

राम मंदिर चंदा प्रकरण से पार्टी के जनाधार पर पड़ने वाले संभावित असर से जुड़े सवाल पर अरविंद राजभर ने इसे पुराना विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले से पार्टी की लोकप्रियता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार आस्था से जुड़े विषयों को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। चंदे में अनियमितता से संबंधित मामलों में सरकार पहले से कार्रवाई कर रही है।

एथेनॉल उत्पादन में अनियमितता पर सरकार करेगी समाधान

एथेनॉल उत्पादन से संबंधित सवाल पर सुभासपा नेता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी तरह की अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो सरकार उसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

समीक्षा बैठक में मौजूद रहे पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता

सुभासपा की समीक्षा बैठक में चुनाव प्रभारी केशव राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष बृजभूषण मिश्रा, विनोद राजभर, विनीता चतुर्वेदी, गुलाबचंद कनौजिया, अजय पांडेय, महेश गिरी, दुर्योधन राजभर, गंगाराम राजभर, संजय तिलकधारी, सुग्रीव, इकराम और वीरेंद्र राजभर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस खबर को शेयर करें
news universal,logo,

News Universal Hindi

न्यूज यूनिवर्सल हिन्दी एक टाप हिन्दी न्यूज वेबसाइट है। यह उत्तर प्रदेश, सिद्धार्थनगर सहित सभी हिन्दी भाषी समाचारों को कवर करता है। देश, प्रदेश और सिद्धार्थनगर जिले की हर छोटी बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज यनिवर्सल डाट इन वेबसाइट पर आएं।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

Leave a Comment

  • Rating