सिद्धार्थनगर। खुनियांव विकास खंड में लंबे समय तक ग्राम विकास अधिकारी के रूप में सेवाएं देने वाले पीयूष कुमार पांडेय के स्थानांतरण पर गुरुवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों, सचिवों, रोजगार सेवकों और ग्राम प्रशासकों ने उन्हें ससम्मान विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खुनियांव विकास खंड में सात साल से अधिक की सेवा
ग्राम विकास अधिकारी पीयूष कुमार पांडेय 10 अक्टूबर 2018 से खुनियांव विकास खंड में तैनात थे। उनका स्थानांतरण उनके गृह जनपद मिर्जापुर हुआ है। लंबे समय तक खुनियांव विकास खंड में सेवाएं देने के बाद उनके स्थानांतरण पर खंड विकास अधिकारी राकेश शुक्ल की अध्यक्षता में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में सहायक विकास अधिकारी पंचायत राकेश पाठक सहित विकास खंड के सचिवों, कर्मचारियों, रोजगार सेवकों और ग्राम प्रशासकों ने पीयूष पांडेय के साथ बिताए 7 साल, 10 माह और 24 दिनों के कार्यकाल की यादें साझा कीं।
सहकर्मियों ने साझा कीं पुरानी यादें
विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए अविस्मरणीय पलों को याद किया। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और गला भर आया। इस भावुक पल को मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
सभी ने पीयूष पांडेय को नए पदस्थापन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने पीयूष पांडेय के कार्यों को सराहा
खंड विकास अधिकारी राकेश शुक्ल ने कहा कि जीवन में सम-विषम परिस्थितियां आती रहती हैं। पोस्टिंग और ट्रांसफर एक सामान्य प्रक्रिया है, जिससे हर अधिकारी और कर्मचारी को गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पीयूष कुमार पांडेय ने अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत राकेश पाठक ने भी उनके साथ बिताए समय को याद किया। उन्होंने कहा कि पीयूष पांडेय ने अपने पदीय दायित्वों से कभी समझौता नहीं किया और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया।
पीयूष पांडेय ने जताया आभार
विदाई समारोह में ग्राम विकास अधिकारी पीयूष कुमार पांडेय ने खुनियांव में लंबे कार्यकाल के दौरान मिले प्यार, सम्मान और सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वह भावुक नजर आए और रुंधे गले तथा डबडबाई आंखों से सहकर्मियों को धन्यवाद दिया।
समारोह में ग्राम विकास अधिकारी मोईदुर्रहमान, तारिक खान, आनंद कुमार, अशोक कुमार, सर्वजीत यादव, एपीओ प्रशांत श्रीवास्तव, दद्दन सिंह और बलवंत पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










