सिद्धार्थनगर। किसानों और आमजन से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मंगलवार को इटवा ब्लॉक परिसर में मासिक किसान पंचायत आयोजित की। पंचायत में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद उनके समाधान की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी इटवा को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
किसान पंचायत की अध्यक्षता भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष इटवा कन्हैया लाल पटेल ने की, जबकि जिला उपाध्यक्ष एवं इटवा तहसील प्रभारी मो. मुनीफ खान ने नेतृत्व किया। संगठन ने स्थानीय समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग करते हुए संबंधित विभागों से कार्रवाई की अपील की।
किसानों ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने की मांग की
भाकियू टिकैत की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को देश के सभी राज्यों में लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। किसान संगठन ने इसे किसानों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
संग्रामपुर की जर्जर सड़क ठीक कराने की मांग
ज्ञापन में इटवा विकासखंड की ग्राम पंचायत संग्रामपुर में क्षतिग्रस्त आरसीसी सड़क की समस्या भी उठाई गई। संगठन के अनुसार सड़क टूटकर जर्जर हो गई है, जिससे राहगीरों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाकियू ने जर्जर सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिल सके।
पंचमपुर में पोषाहार सामग्री नहीं मिलने का मुद्दा उठाया
ग्राम पंचायत कठेला गर्वी के टोला पंचमपुर में बाल विकास पुष्टाहार सामग्री को लेकर भी शिकायत की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने से बच्चों को पोषाहार के नाम पर केवल सत्तू दिया जा रहा है, जबकि दाल, तेल समेत अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
भाकियू ने मामले की जांच कर पात्र बच्चों को निर्धारित पोषाहार सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
गांवों में मच्छररोधी दवा के छिड़काव की मांग
किसान पंचायत में इटवा विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू समेत अन्य बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे में समय रहते गांवों में दवा का छिड़काव कराया जाना जरूरी है।
60 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके पात्र लोगों को पेंशन देने की मांग
ज्ञापन में उत्तर प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र व्यक्तियों को वृद्धा पेंशन दिए जाने की मांग भी शामिल रही। संगठन ने पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन में शामिल मांगों का एक माह के भीतर निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन की ओर से किसी भी समय तालाबंदी का निर्णय लिया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी संगठन की नहीं होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
खुनियांव में भी बीडीओ को सौंपा मांगपत्र

इसी क्रम में खुनियांव विकासखंड में भी भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष मनोज कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी की ओर से छह सूत्रीय मांगपत्र खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया। संगठन ने मांगपत्र में शामिल समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
किसान पंचायत के दौरान सुखदेव सिंह वर्मा, हरिश्चन्द्र चौधरी, रामफेर, रामदास, मुन्ना देवी, नेपाली देवी सहित बड़ी संख्या में भाकियू पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।






