सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांसी स्थित रतन सेन इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा बांसी और डुमरियागंज क्षेत्र की 311 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्याम धनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सुभाष यदुवंश सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर के विकास पर सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिद्धार्थनगर की पहचान भगवान गौतम बुद्ध की धरती के रूप में है। उन्होंने कहा कि कभी विकास के मामले में पिछड़े रहे इस जिले ने अब तेजी से आगे बढ़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा चयनित आकांक्षी जिलों में सिद्धार्थनगर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार राशि प्राप्त की है। सरकार का प्रयास है कि जिला विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़े और इसकी पहचान एक विकसित जिले के रूप में बने।
मुख्यमंत्री ने जनपद में बने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा रहे हैं।

काला नमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर
सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर के प्रसिद्ध काला नमक चावल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। इसे एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के तहत शामिल कर ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कपिलवस्तु में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्वीकृति भी दी गई है, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
हजारों किसान काला नमक चावल की खेती से जुड़े
सांसद जगदंबिका पाल ने भी काला नमक चावल को सिद्धार्थनगर की पहचान बताते हुए कहा कि जिले में बड़े क्षेत्रफल में इसकी खेती की जा रही है और हजारों किसान इससे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ODOP में शामिल होने से स्थानीय उत्पाद को देश-दुनिया में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का जिक्र
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। आईटीआई संस्थानों में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों की जानकारी देने की बात भी उन्होंने कही।
विकास परियोजनाओं के साथ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जनपद के विकास पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया। कार्यक्रम के दौरान रतन सेन इंटर कॉलेज की प्रबंधक रानी वसुंधरा कुमारी ने मुख्यमंत्री का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। सांसद जगदंबिका पाल एवं पूजा पाल ने भी मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।
सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर को आकांक्षी जिले से अग्रणी जिले की ओर ले जाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने काला नमक चावल, स्वास्थ्य सुविधाओं, नई रेल लाइन और कृषि क्षेत्र में जिले की प्रगति का उल्लेख किया। सांसद ने कहा कि सिद्धार्थनगर की पहचान गौतम बुद्ध की धरती के साथ-साथ काला नमक चावल के लिए भी है।
बांसी विधायक ने विकास योजनाओं को बताया महत्वपूर्ण
बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि बांसी क्षेत्र ऐतिहासिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने रतन सेन इंटर कॉलेज की पुरानी शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशासक जिला पंचायत शीतल सिंह, पूर्व विधायक इटवा डॉ. सतीश द्विवेदी, पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, आयुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






