निवेश बढ़ाने और व्यापारी समस्याओं के समाधान पर जोर, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सिद्धार्थनगर, 22 जून। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग, व्यापार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि जिन निवेशकों के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, उनसे नियमित संपर्क बनाए रखें तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही निवेशकों को जिले में अधिक से अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा विभागीय समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया जाए।

Siddharthnagar Mein Udyog Bandhu Evam Vyapar Bandhu Baithak 2
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समीक्षा बैठक में अधिकारी

बैठक में रोजगार सृजन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), एमएसएमई, पशुपालन, दुग्ध विकास, उद्यान एवं पर्यटन विभाग से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने रोजगार सृजन योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अधिक से अधिक लाभार्थियों के आवेदन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने, स्वीकृत परियोजनाओं की सब्सिडी समय पर लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अशोक मार्ग दुकान आवंटन से संबंधित धनराशि एक सप्ताह के भीतर वापस कराने के लिए ईओ सिद्धार्थनगर को निर्देशित किया गया। वहीं सोहांस मार्ग पर संकेतक बोर्ड लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में डीडीओ राजमणि वर्मा, उपायुक्त उद्योग, लीड बैंक अधिकारी आर.के. सिन्हा, उपायुक्त राज्यकर सिद्धार्थ सौरभ, डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें
news universal,logo,

डॉ. निसार अहमद खां

M.A. M.J.M.C. विगत 20 वर्षाें से पत्रकारिता क्षेत्र से जुडकर समाचार संकलन, लेखन, सम्पादन का कार्य जारी है। शिक्षा, राजनीति व ग्रामीण पत्रकरिता पर विशेष रिपोर्टिंग।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

Leave a Comment

  • Rating