सिद्धार्थनगर। थाना कठेला समय माता अंतर्गत कठेला जनूबी गांव में गुरुवार को सिकरी नाले में लगभग 16 वर्षीय एक किशोरी का नग्न शव चरवाहों ने देखा। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी।
मामले की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष अभय सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक एसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की लेकिन फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पायी।
पुलिस को तलाशी के दौरान घटनास्थल के पास से ही किशोरी के कपड़े और जूते मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और भय व्याप्त है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि किशोरी का शव मिलने के बाद सभी कानूनी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है।