इटवा में 18 से 28 अगस्त तक चलेगा एमआर टीकाकरण अभियान

By
On:

इटवा/सिद्धार्थनगर। बच्चों को मीजल्स-रूबेला जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा क्षेत्र में 18 से 28 अगस्त तक एमआर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कक्षा एक से पांच तक के पात्र बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा। इसके लिए स्कूलों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को सीएचसी इटवा में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्कूलों और मदरसों में बच्चों को लगाया जाएगा एमआर टीका

सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि अभियान के दौरान सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पांच से 10 वर्ष तक के बच्चों को अभियान में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि स्कूलों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों में आपसी समन्वय बनाए रखें, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने पात्र बच्चों का निर्धारित अभियान के दौरान टीकाकरण अवश्य कराएं।

यू-विन पोर्टल पर दर्ज होगा टीकाकरण का रिकॉर्ड

बैठक में बच्चों को टीका लगाए जाने के बाद यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों और गर्भवती महिलाओं को लगाए जाने वाले टीकों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखा जाता है। इससे टीकाकरण की स्थिति की निगरानी और पात्र लाभार्थियों तक सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलती है।

पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर

समीक्षा बैठक में पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर भी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए गए। अंत्योदय परिवार, छह या उससे अधिक सदस्यों वाले पात्र गृहस्थी परिवार, 70 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुष तथा अब तक छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया।

बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने के निर्देश

बैठक में एचपीवी वैक्सीन को लेकर भी स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 9 वर्ष से 13 वर्ष छह माह तक की पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी दी गई। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अभियान के दौरान आपसी समन्वय के साथ काम करने और टीकाकरण के लिए पात्र किसी भी बच्चे को छूटने से रोकने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद

बैठक में बीपीएम अनिल कुमार यादव, एआरओ ओम प्रकाश त्रिपाठी, सुपरवाइजर दुर्गेश कुमार अग्रवाल, एफएम सत्यकांत शुक्ल, बीसी आंचल जायसवाल, एलएचवी नंदावती मौर्या सहित एएनएम प्रियंका वर्मा, रोजी यादव, अंजनी, अनुराधा चौरसिया, नीलम वर्मा, रत्ना पांडेय, रुमा चौधरी, गीता यादव, सरोज, आरती चौधरी, रजनी पाल, अनीता रानी, विजय लक्ष्मी, कविता पांडेय, रेखा वर्मा, नीतू प्रजापति, शोभा देवी और रेनू देवी आदि मौजूद रहीं।

News Universal Hindi

न्यूज यूनिवर्सल हिन्दी एक टाप हिन्दी न्यूज वेबसाइट है। यह उत्तर प्रदेश, सिद्धार्थनगर सहित सभी हिन्दी भाषी समाचारों को कवर करता है। देश, प्रदेश और सिद्धार्थनगर जिले की हर छोटी बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज यनिवर्सल डाट इन वेबसाइट पर आएं।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

  • Rating