सिद्धार्थनगर में कलेक्ट्रेट से सिहेश्वरी माता मंदिर तक निकली तिरंगा यात्रा

सिद्धार्थनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए शुक्रवार को सिद्धार्थनगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई यात्रा सिहेश्वरी माता मंदिर तक पहुंची। यात्रा में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

तिरंगा हाथों में लेकर निकले छात्र-छात्राओं और लोगों में देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा- तिरंगा हमारी शान और एकता का प्रतीक

सिहेश्वरी माता मंदिर परिसर में आयोजित तिरंगा यात्रा के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल ने सभी का स्वागत किया और यात्रा में शामिल लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ तिरंगा यात्रा अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने लंबे संघर्ष के बाद अपने प्राणों का बलिदान दिया। 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ और आजादी की इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

सांसद ने कहा कि तिरंगा देश की शान है और तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता की साक्षी बन रही है। उन्होंने कहा कि देश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है।

विधायक श्यामधनी राही ने बच्चों और लोगों का जताया आभार

कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के आह्वान पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करना और उनके जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा देना देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है।

जिलाधिकारी ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों को बधाई दी। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने भी यात्रा में प्रतिभाग करने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।

सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ तिरंगा यात्रा का समापन

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्यामधनी राही सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूलों के छात्र-छात्राएं और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

डॉ. निसार अहमद खां

एम.ए., एम.जे.एम.सी., पीएच.डी. पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक समय से सक्रिय। समाचार संकलन, लेखन एवं संपादन के साथ शिक्षा, राजनीति और ग्रामीण पत्रकारिता पर विशेष रिपोर्टिंग का अनुभव। News Universal Hindi के संस्थापक, प्रकाशक एवं संपादक।

For Feedback - letters@newsuniversal.in

इस खबर को शेयर करें

Related News

Leave a Comment

  • Rating